Thursday, September 19, 2024

मध्य प्रदेश: भोपाल में यूनेस्को की कॉन्फ्रेंस आज से हुई शुरु, इन विषयों पर होगा विचार-विमर्श

भोपाल में यूनेस्को की दो दिवसीय कॉन्फ्रेंस आज से आरंभ हो गई है। यूनेस्को (संयुक्त राष्ट्र शैक्षिक, वैज्ञानिक और सांस्कृतिक संगठन), पर्यटन मंत्रालय भारत सरकार, भारतीय पुरातत्व संरक्षण और पर्यटन विभाग मध्य प्रदेश के संयुक्त तत्वाधान में विश्व विरासत पर उप-क्षेत्रीय सम्मेलन हो रहा है। इसमें शामिल होने के लिए रविवार को ही भारत सहित भूटान, बांग्लादेश, नेपाल, मालदीव और श्रीलंका के अलग-अलग राज्यों से प्रतिनिधि भोपाल आ चुके हैं। उन सभी ने सांची धूमा और यहां उन्होंने सांची स्तूप को भी निहारा।

कॉन्फ्रेंस में ये देश करेंगे विचार विमर्श

आपको बता दें कि मध्य प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष विनोद गोदिया ने कॉन्फ्रेंस को शुरू किया। यूनेस्को नई दिल्ली के ऑफिस इंचार्ज हिचकील देलमिनी भी कॉन्फ्रेंस में शामिल रहे। पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के प्रमुख सचिव एवं एमपी टूरिज्म बोर्ड के प्रबंध संचालक शिव शेखर शुक्ला ने जानकारी देते हुए कहा कि दो दिन के सम्मेलन में भारत, भूटान, बांग्लादेश, नेपाल, मालदीव, श्रीलंका के विभिन्न राज्यों से प्रतिनिधि द्वारा विश्व विरासत स्थलों के संरक्षण के क्षेत्र में उपलब्धियों, चुनौतियों और आगामी रणनीति जैसे विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

कांफ्रेंस में होगी इन विषयों पर बात

प्रमुख सचिव शुक्ला ने जानकारी दी कि सम्मेलन अंतर्राष्ट्रीय और क्षेत्रीय स्तर पर विश्व धरोहरों के संरक्षण की दिशा में पिछले 50 वर्षों की उपलब्धियों पर गौर करेगा और अगले 50 वर्षों के बारे में मंथन करेगा। इस कांफ्रेंस में विश्व विरासत और सतत विकास, विश्व विरासत और सतत पर्यटन, विश्व विरासत और वैश्विक रणनीति, ऐतिहासिक शहरी परिदृश्य जैसे प्रमुख विषय रखे जाएंगे। सम्मेलन सांस्कृतिक विरासत की सुरक्षा और स्थायी पर्यटन को प्रोत्साहित करने के लिए एक एकीकृत दृष्टिकोण पर ध्यान केंद्रित करेगा।

Latest news
Related news