Friday, September 20, 2024

MP Politics: सीएम शिवराज ने ब्राह्मण समाज को साधा, पुजारियों को हर महीने दिए जाएंगे पांच हजार रुपए

भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को जंबूरी मैदान में ब्राह्मण महाकुंभ में एलान किया कि परशुराम की जयंती पर प्रदेश में शासकीय अवकाश रहेगा। इसके अलावा पुजारियों को हर महीने पांच हजार रुपए दिए जाएंगे।

सीएम शिवराज ने ब्राह्मण समाज को साधा

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ब्राह्मण महाकुंभ को संबोधित करते हुए कहा कि दुनिया आज ब्राह्मण समाज की वजह से एक है। हमारी संस्कृति और परंपरा को बचा कर रखने का काम ब्राह्मण समाज ने किया है। उन्होंने कहा कि समाज धर्म के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है। सीएम शिवराज ने कहा कि भगवान परशुराम की जयंती पाठ्यक्रम में पढ़ाई जाएगी। मंदिरों की जमीन को अब कलेक्टर नीलाम नहीं कर सकेंगे। सीएम ने ब्राह्मण बोर्ड बनाने को लेकर कहा कि बैठक कर उसका प्रारूप बनाकर फैसला किया जाएगा। सरकार जमीन उपलब्धता के आधार पर ब्राह्मण समाज के बच्चों को छात्रावास के लिए जमीन देगी। गरीब ब्राह्मण परिवार के मेधावी छात्रों की मेडिकल और इंजीनियर जो भी पढ़ाई हो सरकार कराएगी। सीएम ने कहा कि संस्कृत विद्यालय के पहली से पांचवी तक के विद्यार्थियों को आठ हजार और छठवीं से बारहवीं तक के विद्यार्थियों को 10 हजार रुपए दिए जाएंगे। सीएम ने मंदिरों के सर्वे कराने की मांग को भी स्वीकार किया। सीएम ने ब्राह्मण समाज के लोगों को टिकट देने की मांग पर कहा कि यह अध्यक्ष जी देखें। लेकिन मैं पर्याप्त नेतृत्व के लिए प्रयास करुंगा।

सीएम शिवराज- प्रदेश में जिहाद नही चलने देंगे

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रदेश में लव तो चल सकता है, लेकिन जिहाद किसी कीमत पर नहीं चलने दिया जाएगा। इस तरह की हरकत करने वाले पूरी तरह नेस्तनाबूद कर दिए जाएंगे। यह मैं आपको वचन देता हूं। उन्होंने कहा कि ऐसी हरकत मध्य प्रदेश की धरती पर नहीं होने देंगे।

ब्राह्मणों के खिलाफ लव जिहाद का षड्यंत्र

द्वारिकापीठ के जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी सदानंद सरस्वती महाराज ने कहा कि अधर्मियों ने ब्राह्मणों को नष्ट करने के लिए कुचक्र लगाया। ब्राह्मण समाज के पतन का कारण ब्राह्मण समाज ही है। ब्राह्मणों के खिलाफ जानबूझकर लव जिहाद का षड्यंत्र किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि घर में माता-पिता की जिम्मेदारी है कि अपने बच्चों को धर्म और संस्कृति से जोड़े। उन्होंने ब्राह्मणों से आह्वान करते हुए कहा कि दलगत राजनीति से उठकर समाज का उत्थान करें। ब्राह्मणों में एकजुटता नहीं होने से दूसरे लोग आप पर शासन करते है। जिस समाज में सभी नेता बन जाते है, वो समाज उत्थान नहीं कर पाता। उन्होंने कहा कि मंदिरों पर शासन करने का अधिकार सरकार को नहीं है।

वीडी शर्मा- ब्राह्मण समाज ने देश को दिशा दी

वहीं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि ब्राह्मण समाज की शक्ति कमजोर नहीं होती है। ब्राह्मण समाज ने देश को दिशा देने का काम किया है। दुनिया के कई देशों का नेतृत्व भी ब्राह्मण कुल के लोग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि लव जिहाद पर गंभीरता से विचार करने की जरूरत है। शर्मा ने कहा कि धर्म संस्कृति की रक्षा हम करेंगे। ब्राह्मण वर्ग आर्थिक और समाजिक रूप से कमजोर नहीं है। समाज को कमजोर परिवार की मदद के लिए आगे आना होगा।

Latest news
Related news