Friday, September 20, 2024

MP Election: प्रियंका गांधी के दौरे पर बोले CM शिवराज, फिर सजेगी झूठ की दुकान

भोपाल। मध्य प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर सभी पार्टियों ने अपनी कमर कस ली है। बीजेपी-कांग्रेस समेत अन्य दलों ने अपने प्रत्याशियों के पक्ष में जोर-शोर से चुनाव प्रचार करना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा आज दमोह में जनसभा को संबोधित करेंगी। एमपी विधानसभा चुनाव के दौरान यह प्रियंका गांधी का पहला बुंदेलखंड दौरा है। वहीं उनके दौरे को लेकर सीएम शिवराज सिंह चौहान ने निशाना साधा है।

झूठ की दुकान सज रही हैं

मध्य प्रदेश के CM शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि एक बार फिर कांग्रेस की झूठ की दुकान सज रही हैं। प्रियंका गांधी आज फिर आ रही हैं। मैं उनसे पूछना चाहता हूं कि भगवान राम और भगवान राम के मंदिर से आपको तकलीफ क्या है? कांग्रेस ने चुनाव आयोग को शिकायत की है कि भगवान राम के मंदिर के फोटो, होर्डिंग्स लगाए जा रहे हैं। उन्हें हटाया जाए। ऐसे में कांग्रेस बताये कि उसका दृष्टिकोण क्या है? औपचारिक रूप से वे क्या कहना चाहेंगे? नए-नए वादे करने आ गए। कांग्रेस ने फिर से झूठ का महा वचन पत्र दे दिया।

7 महिला प्रत्याशी मैदान में

बता दें कि अपने बुंदेलखंड दौरे के दौरान प्रियंका गांधी का मुख्य लक्ष्य महिला वोटबैंक पर है। यहां पर कांग्रेस की तरफ से 7 महिला उम्मीदवारों को मैदान में उतारा गया है। 2018 के विधानसभा चुनाव को अगर देखें तो कांग्रेस ने बुंदेलखंड अंचल की 26 में से 10 सीटों पर जीत हासिल की थी। वहीं सभा के दौरान जिले की चारों विधानसभा सीटों के कांग्रेस उम्मीदवार मौजूद रहेंगे।

17 नवंबर को डाले जायेंगे वोट

मध्यप्रदेश की सभी 230 सीटों पर एक ही फेज में 17 नवंबर को वोट डाले जायेंगे जबकि मतों की गणना 3 दिसंबर को होगी। मालूम हो कि 2023 में मध्यप्रदेश में मतदाताओं की संख्या 5 करोड़ 60 लाख 60 हजार 925 हैं जबकि 2018 के विधानसभा चुनाव के दौरान वोटरों की संख्या 5 करोड़ 4 लाख 33 हजार 79 थी।

इन राज्यों में होना है चुनाव:-

मध्यप्रदेश- 17 नवंबर को राज्य की सभी सीटों पर चुनाव, 3 दिसंबर को मतों की गणना
छत्तीसगढ़ – 7 नवंबर और 17 नवंबर को दो चरणों में चुनाव, 3 दिसंबर को मतों की गणना
मिजोरम- 7 नवंबर को सभी सीटों पर चुनाव, 3 दिसंबर को मतों की गणना
राजस्थान- 25 नवंबर को सभी सीटों पर चुनाव, 3 दिसंबर को मतों की गणना
तेलंगाना- 30 नवंबर को सभी सीटों पर चुनाव, 3 दिसंबर को मतों की गणना

Latest news
Related news