Friday, September 20, 2024

MP Weather Update: 18 और 19 अप्रैल के बीच मौसम फिर बदलेगा करवट, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

भोपाल। मध्यप्रदेश में 18 और 19 अप्रैल को फिर मौसम का मिजाज बदलेगा। इंदौर और जबलपुर संभाग में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। भोपाल में भी मौसम के बदलने की संभावना जताई गई है। इससे पहले प्रदेश में तेज गर्मी परेशान करेगी। भोपाल, इंदौर, जबलपुर-ग्वालियर में इस सीजन में गर्मी का रिकॉर्ड टूट सकता है। वहीं, राजगढ़, छतरपुर, दमोह और रतलाम में भी तापमान में इजाफा हो सकता है।

शुक्रवार को इन जिलों में छाए थे काले बादल

आपको बता दें कि शुक्रवार को मौसम में मिला-जुला असर देखने को मिला। दोपहर बाद भोपाल, इंदौर, जबलपुर सहित कई शहरों में काले बादल छाए रहे। भोपाल में लगातार तीसरे दिन तापमान करीब 39 डिग्री के पार पहुंच गया था। वहीं, ग्वालियर में तापमान 40.3 और जबलपुर में भी 40.3 डिग्री तापमान दर्ज किया गया था। गुरुवार के मुकाबले शुक्रवार को यहां गर्मी के प्रभाव में बढ़ोतरी हुई। इंदौर में 38.6 डिग्री तापमान के साथ मामूली गिरावट दर्ज हुई। खजुराहो और राजगढ़ में सबसे ज्यादा गर्मी ने लोगों को परेशान किया। खजुराहो में तापमान 42 डिग्री और राजगढ़ में 41.4 डिग्री तापमान की पुष्टि हुई।

मौसम वैज्ञानिक एचएस पांडे ने दी जानकारी

मौसम वैज्ञानिक एचएस पांडे ने जानकारी देते हुए कहा कि शनिवार यानी आज हल्के बादल छाए रहेंगे। इनके छंटने से सूरज की किरणें सीधे जमीन पर पड़ेगी। साथ ही गर्मी में इजाफा हो जाएगा। रात में भी गर्मी परेशान करेगी।

क्या है मौसम बदलने की वजह?

मौसम वैज्ञानिक पांडे ने जानकारी दी कि उत्तर भारत में वेदर सिस्टम एक्टिव हो रहा है। इसका प्रभाव उत्तर भारत में ज्यादा देखने को मिल सकता है, जिससे गर्म हवाएं मध्यप्रदेश में प्रवेश नहीं करेगी। दूसरी ओर, साउथ वेस्ट राजस्थान के ऊपर सर्कुलेशन बना हुआ है। उत्तरी छत्तीसगढ़ से केरल तक महाराष्ट्र, तेलंगाना, कर्नाटक होते हुए ट्रफ लाइन गुजर रही है। वहीं, अरब सागर से थोड़ी नमी बनी हुई है। इस वजह से 18 और 19 अप्रैल को मौसम बदलने की संभावना है। प्रदेश के दक्षिणी हिस्से यानी खंडवा, खरगोन, बड़वानी, बैतूल, हरदा, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला और बालाघाट में कहीं-कहीं बादल के गरजने का सिलसिला जारी रहेगा। भोपाल में 18 अप्रैल को हल्की बूंदाबांदी होने की भी संभावना हैं।

Latest news
Related news