Friday, September 20, 2024

एमपी: दिग्विजय सिंह को मिली जमानत, बीजेपी अध्यक्ष ने दर्ज कराया था मानहानि का केस

भोपाल। मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह को बीजेपी नेता वीडी शर्मा द्वारा दायर मानहानि के मुकदमा में जमानत मिल गई है। मालूम हो कि एमपी बीजेपी अध्यक्ष वीडी शर्मा ने दिग्विजय सिंह पर मानहानि का मुकदमा किया था। इस मामले में भोपाल की अदालत ने दिग्विजय सिंह को हाजिर होने का आदेश दिया था। इसी को लेकर दिग्विजय सिंह कोर्ट पहुंचे। इस दौरान कांग्रेस नेता के साथ विधायक लक्ष्मण सिंह एवं उनका बेटा जयवर्धन सिंह भी मौजूद थें।

सबको देंगे जवाब

शनिवार को जिला अदालत पहुंचकर दिग्विजय सिंह ने अपना पक्ष रखा। कोर्ट से बाहर निकलने पर राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने कहा कि चार राज्यों में मेरे ऊपर मानहानि के मामले चल रहे है। आज भोपाल जिला अदालत में आकर मैंने इस केस में जमानत करा ली है। उन्होंने कहा कि वो इस मामले में सबको जवाब देंगे।

शिवराज सिंह ने की साजिश

अदालत से बाहर निकलते ही दिग्विजय सिंह ने शिवराज सिंह चौहान पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि व्यापम मामले में शिवराज सिंह चौहान ने साजिश की है। उन्होंने अपने दलालों के साथ मिलकर प्रदेश को लूटा हैं। व्यापम मामले में दलाली करने वाले लोग इसमें शामिल हैं। उन्होंने सरकार से सीबीआई जांच की मांग की थी, लेकिन वो हुई नहीं। कई आरोपियों को शिवराज सरकार ने हटाया नहीं है।

छवि धूमिल करने की कोशिश

मालूम हो कि बीजेपी के वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने दिग्विजय सिंह के खिलाफ मानहानि का मामला दर्ज कराते हुए कहा था कि 4 जुलाई 2014 को दिग्विजय सिंह ने उनके खिलाफ बड़ा आरोप लगाते हुए कहा था कि वीडी शर्मा अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के महामंत्री रहे हैं। इस दौरान हुए व्यापम घोटाले में उन्होंने बिचौलिए का काम किया है। मीडिया के सामने दिए गए उनके बयान से उनकी छवि धूमिल हुई है इसलिए उन्होंने अदालत में जाकर मानहानि का मुकदमा दर्ज कराया।

Latest news
Related news