Friday, September 20, 2024

MP Weather Update: नौपता में बारिश से लुढ़का तापमान, मौसम विभाग ने आज प्रदेश में बरसात का जारी किया अलर्ट

भोपाल। इन दिनों नौतपा का दौर चल रहा है। शुक्रवार को नौतपा का दूसरा दिन था, लेकिन मध्य प्रदेश में इसका असर बहुत कम देखा गया। प्रदेश का अधिकतम तापमान गिरकर 43 डिग्री सेल्सियस पर अटक गया। गुरुवार को नौतपा के पहले दिन प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 43.3 डिग्री सेल्सियस नरसिंहपुर में दर्ज हुआ था। एक दिन में ही करीब 43.3 डिग्री सेल्सियस तापमान की गिरावट मध्य प्रदेश के बदलते मौसम की ओर इशारा कर रहा है।

मौसम वैज्ञानिक ने दी जानकारी

मौसम वैज्ञानिक शैलेंद्र नायक ने जानकारी देते हुए कहा कि जिस नौतपा में मध्य प्रदेश के कई शहरों का तापमान आमतौर पर 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाता है, ऐसे में इस साल तापमान की गिरावट बदलते मौसम की ओर इशारा कर रही है। गर्मी के मौसम में प्रदेश के कई जिलों में शुक्रवार को भी बारिश हुई, तो वहीं कई जगहों पर तेज आंधी तूफान के साथ गरज चमक की घटनाएं भी हुईं। राजधानी भोपाल सहित प्रदेश के कई जिलों में बारिश भी हुई। मौसम विभाग ने कहा कि नरसिंहपुर जिला को छोड़ दिया जाए तो अन्य सभी जिलों का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के नीचे पहुंच गया। नौतपा के दौर में मौसम के इस तरह के ट्रेंड को देखकर वैज्ञानिक भी हैरान हैं। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले एक सप्ताह तक मौसम का मिजाज ऐसा ही बना रहेगा।

जिलों में हुई इतनी मिलीमीटर बारिश

वहीं शुक्रवार को सुबह 8:30 बजे तक शाम के 5:30 बजे तक मलाजखंड में 0.5 मिलीमीटर बारिश हुई। गुरुवार-शुक्रवार के दरमियान ग्वालियर में 18.7, नौगांव में 18, शिवपुरी में 8, सागर में 5.4, दतिया में 5, उमरिया में 1.6, इंदौर में 0.1 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि मंडला और राजगढ़ में भी बूंदाबांदी हुई है।

आज प्रदेश में बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए बताया कि आज यानी शनिवार को भी प्रदेश के कई जिलों में आंधी तूफान के साथ बारिश हो सकती है। चंबल, ग्वालियर, नर्मदापुरम, भोपाल संभाग के जिलों में और उज्जैन, शाजापुर, देवास, आगर मालवा, निवाड़ी, सागर, टीकमगढ़, छतरपुर, डिंडोरी, अनूपपुर और नरसिंहपुर जिले में आंधी तूफान के साथ बारिश होने का अनुमान है।

Latest news
Related news